अमरोहा। नगर पालिका और नगर पंचायतों की फॉगिंग मशीनें भले ही हांफ कर दम तोड़ चुकी हों लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों मच्छरों का डबल अटैक पूरी रफ्तार से जारी है। जिलेभर में डेंगू और चिकनगुनिया पैर पसारने लगा है।
बुधवार को जिला अस्पताल में कराई गई जांच में छह आशंकित मरीजों में से चार में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई। वहीं डेंगू की जांच में भी दो मरीज संक्रमित मिले हैं, जबकि डेंगू के तीन मरीजों का पहले से उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू मरीज मिलने वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
पिछले एक माह से जिले में बुखार का प्रकोप बना हुआ है। इसी बीच डेंगू और चिकनगुनिया के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। डेंगू के तीन मरीजों की पहले ही पुष्टि हो चुकी थी। इनमें शहर के मोहल्ला मुल्लाना निवासी 23 वर्षीय युवक, धनौरा निवासी 57 वर्षीय महिला और जोया निवासी 26 वर्षीय युवक शामिल हैं। बुधवार को 21 लोगों की डेंगू जांच कराई गई, जिसमें छजलैट, मुरादाबाद निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति और शहर के मोहल्ला कुरैशी निवासी आठ वर्षीय बालिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चिकनगुनिया के छह आशंकित मरीजों की जांच में चार संक्रमित मिले हैं। सभी मरीजों का उपचार चल रहा है।
जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के पांच आशंकित मरीजों की भी जांच कराई गई लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इससे पहले जिले में स्वाइन फ्लू के तीन मरीज मिल चुके हैं, जो उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया से संक्रमित सभी मरीजों का उपचार चल रहा है। उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी गई है। स्वाइन फ्लू के पांच आशंकित मरीजों की जांच कराई गई, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव है।
......
जहां पर डेंगू के मरीज मिले हैं वहां पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। सभी सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में विशेष ध्यान रखें। दवा के छिड़काव के साथ-साथ साफ-सफाई भी रखें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। -डॉ. रमाकांत सागर, सीएमओ
....
चिकनगुनिया के लक्षण
चिकनगुनिया एडीज मच्छरों के काटने से फैलने वाला एक वायरल संक्रमण है, जो तेज बुखार और जोड़ों में गंभीर दर्द का कारण बनता है।
तेज बुखार
हाथों, पैरों और घुटनों के जोड़ों में असहनीय दर्द और सूजन, जो महीनों तक रह सकती है।
सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, थकान और त्वचा पर चकत्ते (रैश)।
कारण और बचाव
यह संक्रमण संक्रमित एडिस एजिप्टी और एडिस एल्बोपिक्टस मच्छरों के काटने से फैलता है।
आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छर भगाने वाली क्रीम का उपयोग करें।
उपचार
चिकनगुनिया के लिए कोई विशेष एंटीवायरल दवा या टीका उपलब्ध नहीं है।
इलाज मुख्य रूप से लक्षणों को कम करने पर केंद्रित होता है।
डॉक्टर की सलाह पर पैरासिटामोल लें और शरीर में पानी की कमी न होने दें
..........
अस्पताल में जुकाम खांसी व पेट दर्द के रोजाना बढ़ रहे मरीज, ओपीडी में पहुंचे 1320 मरीज
अमरोहा। बदलते मौसम के चलते जिला अस्पताल में रोजाना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। बुधवार को ओपीडी में 1320 मरीज पहुंचे। जिनमें जुकाम, बुखार, खांसी, पेट दर्द, सीने में दर्द आदि के मरीज सबसे अधिक रहे। अस्पताल के जनरल वार्ड में 26 मरीज भर्ती हैं। सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1320 मरीजों ने पंजीकरण कराया। महिलाओं ने 527, 425 पुरुष व 219 बच्चे के पर्चे बनाए गए। इनमें सबसे अधिक महिलाएं शामिल रहीं, जिसमें जुकाम, खांसी, नजला, बुखार, उल्टीदस्त, पेट दर्द, खुजली, सीने में आदि के मरीज शामिल रहे। डॉ. आवेश के मुताबिक बुखार दो, पेट दर्द तीन, सीने में दर्द के एक समेत छह गंभीर मरीजों को भर्ती कराया गया। जबकि अन्य मरीजों को दवाई देकर घर भेज दिया गया। आशंकित 158 मरीजों की खून की जांच कराई गई। इनमें सात डेंगू, 37 टायफाइड व मलेरिया के 114 आशंकित मरीजों के खून की जांच कराई गई। 105 मरीजों के सिटी स्कैन, 150 एक्सरे और 75 अल्ट्रासाउंड कराए गए।