फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: दूसरे दिन भी कोहरे का पहरा, शीतलहर से जनजीवन ठहरा

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। जिले में बुधवार को भी घना कोहरा रहा और शीतलहर भी चली। इससे जनजीवन ठहर सा गया। सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि हाईवे पर 10 मीटर की दूरी पर भी वाहन नहीं दिख रहे थे। वाहन चालक लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। दोपहर दो बजे के बाद धूप खिली लेकिन शाम को फिर से ठिठुरन बढ़ गई। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान 19 से घटकर 16 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। बृहस्पतिवार को बारिश की भी संभावना है।
विज्ञापन

मंगलवार रात आठ बजे से ही घना कोहरा आना शुरू हो गया था। सड़काें पर दृश्यता बहुत कम रही। बुधवार को भी सुबह से ही कोहरे छाया रहा। ओस की बूंदें गिरने और शीतलहर चलने के से ठिठुरन में इजाफा हो गया। दोपहर दो बजे तक कोहरे की धुंध छाई रही, हालांकि, उसके बाद धूप निकली तो कुछ राहत मिली। शाम होते ही फिर ठिठुरन बढ़ गई। उधर, कोहरे के चलते सड़कों पर चहल-पहल कम रही। लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। दोपहिया वाहन चालक गर्म कपड़ों से लिपटकर निकले। जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार का कहना है कि अभी मौसम खराब होने के आसार बने हैं। बृहस्पतिवार को बारिश की संभावना है। वहीं शीतलहर भी चलेगी।

सर्दी में सावधानी बरतें सांस और दिल के रोगी
सर्दी में सांस और दिल के रोगियों को खास सतर्क रहने की जरूरत है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सर्दी में बीमारियों से बचने की जरूरत है। सर्दी में नसें सिकुड़ने से रक्त की आपूर्ति कम हो जाती है। इससे दिल से लेकर दिमाग तक खून की आपूर्ति प्रभावित होने से दिल का दौरा, ब्रेन स्ट्रोक, लकवा आदि का खतरा बढ़ जाता है। इसी तरह सर्दी में पांच साल तक के बच्चों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। संक्रमण का खतरा बढ़ने से निमोनिया की शिकायत ज्यादा रहती है। उधर, जिला अस्पताल में बुधवार को 975 की ओपीडी हुई। जिसमें बच्चों की संख्या 100 से अधिक थी। अधिकांश बच्चे खांसी, जुकाम व निमोनिया लक्षण वाले थे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि मरीजों को दवाई देकर घर भेज दिया गया।
विज्ञापन


नौचंदी 11 तो बांद्रा सुपरफास्ट चार घंटे देरी से पहुंची
अमरोहा। कोहरा लगातार ट्रेनों के संचालन को बाधित कर रहा है। स्टेशन अधीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि बुधवार को नौचंदी एक्सप्रेस 11 घंटा देरी से पहुंची। नौचंदी एक्सप्रेस लगातार देरी से पहुंच रही है। इसके अलावा बांद्रा एक्सप्रेस चार, लखनऊ चंडीगढ़ व सत्याग्रह एक्सप्रेस तीन-तीन घंटा, चंडीगढ़- लखनऊ एक्सप्रेस ढाई घंटा देरी से पहुंची। पद्मावत व इंटरसिटी दो-दो घंटे और सद्भावना, राज्यरानी, आलाहजरत व पूर्णागिरी एक्सप्रेस एक-एक घंटा देरी से पहुंची। बुधवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस रद रही। ट्रेनों के लेट आने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें