फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: कीटग्रस्त गेहूं और गंदगी मिलने पर आटा मिल कराया बंद

Thu, 08 Oct 2026 02:06 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को हसनपुर तहसील क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं खाद्य कारोबार बंद मिला तो कहीं बिना पंजीकरण कारोबार संचालित होता पाया गया। एक आटा मिल में कीटग्रस्त गेहूं और अत्यधिक गंदगी मिलने पर खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, बिना जरूरी विवरण वाली नमकीन का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
विज्ञापन

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि कनेटा रोड लालबाग स्थित हिंदुस्तान डेयरी के निरीक्षण में प्रतिष्ठान बंद मिला। संचालक ने वर्तमान में कारोबार नहीं करने की जानकारी दी। टीम ने निर्देश दिए कि यदि भविष्य में कारोबार नहीं करना है तो तीन कार्य दिवस में खाद्य लाइसेंस सरेंडर कर लिखित सूचना दें। लाइसेंस सरेंडर करने के बाद पनीर या अन्य खाद्य पदार्थ का निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गई। कनेटा रोड स्थित भारत विटफ्लोर में गेहूं और चावल मिलाकर आटा तैयार किए जाने के साथ खराब और कीटग्रस्त गेहूं का इस्तेमाल पाया गया। परिसर, मशीनों और दीवारों पर भी अत्यधिक गंदगी व जाले मिले। टीम ने मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त गेहूं को खाद्य श्रृंखला से बाहर कर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई और जरूरी सुधार होने तक कारोबार बंद रखने को कहा गया। ढबारसी रोड स्थित अमन किराना स्टोर बिना वैध खाद्य पंजीकरण के चलता मिला। हालांकि, जांच में कोई एक्सपायरी खाद्य पदार्थ नहीं मिला। बिना पंजीकरण कारोबार के मामले में कार्रवाई के लिए प्रकरण दर्ज किया गया। कबीर किराना स्टोर में नमकीन के पैकेट पर बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी अथवा बेस्ट बिफोर तिथि जैसे जरूरी विवरण अंकित नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई। टीम ने नमकीन का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। साथ ही स्वच्छता संबंधी कमियां दूर होने तक कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें