अमरोहा। स्वच्छ भारत मिशन के जिला कंसल्टेंट व डीपीआरओ के निरीक्षण के दौरान कई पंचायतों में खामियां मिली हैं। जिसके बाद पंचायताें को नोटिस जारी किये जाने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कहीं पंचायत घर में कचरा मिला तो कहीं कूड़ा प्रबंधन का काम पूरा नहीं पाया गया।
डीपीआरओ पारुल सिसोदिया ने बताया कि पंचायतों में विकास कार्यों एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए जा रहे कामों को लेकर मिशन के जिला कंसल्टेंट विनय प्रताप सिंह एवं प्रीति काला एवं उनके द्वारा जिले की करीब एक दर्जन पंचायतों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। हसनपुर की ग्राम पंचायत डगरौली के पंचायत भवन में कंप्यूटर नहीं पाया गया। वहां पंचायत सहायक ने बताया कि सचिव कंप्यूटर अपने आवास पर ले गए हैं। 718 शौचालयों में एक भी शौचालय का रेट्रोफिटिंग सर्वे का काम पूरा नहीं किया गया।
हसनपुर के ही मंगरौली में ही एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र के निर्माण में घटिया ईंटों एवं सामग्री का इस्तेमाल होता पाया गया। यहां भी लक्ष्य के अनुरूप शौचालयों के सर्वे का काम पूरा नहीं पाया गया। ग्राम पंचायत लुहारी खादर में पंचायत भवन भी बंद मिला। यहां भी शौचालय के सर्वे का काम पंचायत सहायक द्वारा नहीं किया गया। रामपुर भूड़ में पंचायत सहायक अनुपस्थित मिले। डीपीआरओ ने भी आदमपुर, ढबारसी, अलीपुर भूड़ शर्की, बाला नांगल आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं हैं। उन्होंने बताया कि खामियों को देखते हुए पंचायतों को नोटिस भेजे जाने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।