गजरौला(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव गुलालपुर में फार्म हाउस मालिक अनिरुद्ध और रतनपाल भाटी की हत्या में नामजद अशोक पांच साल पहले मेरठ के भड़ौली निवासी विक्रांत की हत्या में भी नामजद था। विक्रांत की गोली मारकर हत्या की गई थी। फरार होने पर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन अशोक ने एनकाउंटर के डर से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। सोमवार की रात गुलालपुर में हुए दोहरे हत्याकांड में भी अशोक को मुख्य आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
सोमवार की रात गजरौला थाना क्षेत्र का गुलालपुर का जंगल दोहरे हत्याकांड से दहल गया। बदमाशों ने मेरठ के मवाना थानाक्षेत्र के गांव सीना निवासी गोलू उर्फ अनिरुद्ध व गौतमबुद्ध नगर के बोड़ाकी निवासी रतनपाल भाटी की हत्या कर दी थी। जबकि नौकर जीतपाल को मरणासन्न हालत में छोड़ा। दोहरे हत्याकांड में मृतक अनिरुद्ध के भाई कविशेक की तहरीर पर पुलिस ने सीना गांव निवासी सलेकचंद पुत्र शिब्बू, सुमित उर्फ सोनू, अश्विनी, नितिन पुत्र सलेकचंद, धनपाल निवासी सीना, हर्ष भाटी उर्फ गुड्डू निवासी मवाना, अशोक पुत्र भोपाल और छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया। इनमें नामजद किया गया अशोक पुत्र भोपाल का आपराधिक इतिहास है। उसके हाथ पहले भी हत्या के मामले में सन चुके हैं। उस पर मेरठ के भड़ौली निवासी विक्रांत की हत्या का आरोप है। विक्रांत गुलालपुर के रकबे में दिल्ली के कोटला निवासी धर्म सिंह वर्मा के फार्म पर रहता था। विक्रांत की 18 दिसंबर 2017 को गोली मार कर हत्या की गई थी। मृतक के भाई दयानंद ने हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थानाक्षेत्र के सैदपुर निवासी कपिल पुत्र राजवीर, गोलू पुत्र राजेंद्र निवासी भड़ौली थाना किठौर मेरठ, अशोक पुत्र भोपाल निवासी बिरसंगपुर थाना सिंभावली और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या की छानबीन की तो मेरठ के किठौर थानाक्षेत्र के मिश्रीपुर निवासी सतविंदर उर्फ मिंदर और मवाना के भिडवारा निवासी संजय के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि कुछ ने आत्म समर्पण कर दिया, लेकिन अशोक न तो पुलिस के हत्थे चढ़ा और न ही उसने आत्म समर्पण किया। इस कारण पुलिस ने उस पर 2018 में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनामी घोषित होने और पुलिस का शिकंजा कसा जाने पर उसने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। अब अशोक डबल मर्डर में फंस गया है। पुलिस, एसओजी और अन्य टीम उसको तलाश कर रही हैंं।