अमरोहा। लोगों की लापरवाही के कारण कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन मरीज सामने आ रहे हैं बृहस्पतिवार को फिर किशोर और बुजुर्ग समेत पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं चार मरीज बिल्कुल स्वस्थ हो गए। फिलहाल जिले में 21 मरीज सक्रिय चल रहे हैं। अब तक मिले मरीजों की संख्या 30 हो गई है। सीएमओ डॉक्टर राजीव सिंघल ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा मंडी धनौरा, गजरौला, हसनपुर, जोया, रहरा, और डीसीएच में 282 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। जिसमें 125 लोगों ने आरटीपीसीआर जांच कराई। जबकि 97 लोगों की एंटीजन जांच की गई। इस दौरान पांच लोग संक्रमित पाए गए है। जिसमें अमरोहा शहर सीएचसी का एक स्वास्थ्य कर्मी, मंडी धनौरा में 16 वर्षीय किशोर, हसनपुर में 49 वर्षीय पुरुष, और जोया में 55 साल के बुजुर्ग समेत दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ ने बताया मार्च से लेकर अब तक 30 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 21 लोग सक्रिय चल रहे हैं। जबकि 9 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। सक्रिय मरीजों का उपचार होम क्वॉरेंटाइन करके चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।