अमरोहा। गेहूं की कटाई कर रहे परिवार की दो युवती और दो किशोरियों समेत पांच लोग गंगा में डूब गए। किसी तरह बाहर निकलकर आए युवक के शोर मचाने पर वहीं खेत में काम कर रहे एक गोताखोर ने गंगा में छलांग लगाई और युवती तथा किशोरी समेत दो को बाहर निकाल लाया। एक युवती और एक किशोरी का सुराग नहीं मिल सका हालांकि अंधेरा होने तक पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर उसकी तलाश में जुटे रहे।
रविवार की अपरान्ह सवा तीन बजे यह घटना थाना क्षेत्र के गांव तिगरी में गंगा मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर आगे काकाठेर के निकट हुई। यहां गंगा किनारे ग्रामीणों ने गेहूं की फसल उगाई हुई है। इन दिनों वहां कटाई चल रही है। गांव निवासी भगवान सहाय, राजपाल और मुनेश कश्यप के परिवार के सदस्य वहां कटाई कर रहे थे। बताते हैं कि अपनी बुआ मीना पत्नी भगवान सहाय के यहां रिश्तेदारी में आई गांव हाफिजपुर (अमरोहा) निवासी सुधा (18) पुत्री निहाल कश्यप, 11 वर्षीय ज्योति, 14 वर्षीय अंजू पुत्री भगवान सहाय, 22 वर्षीय सीमा पुत्री राजपाल और 20 वर्षीय अजय पुत्र मुनेश कश्यप पानी लेने के लिए खेत के पास से गुजर रही गंगा में ढांग से उतरकर नीचे आ गए। बताते हैं कि गर्मी अधिक होने पर पांचों नहाने के लिए गंगा में उतर गए। वहां पांव फिसलने से सभी गहरे पानी में समाने लगे। इनमें अजय किसी तरह बाहर निकल आया और शोर मचा दिया। इस पर वहां भीड़ लग गई। वहीं तैरना जानने वाले गांव के ही राजकुमार पुत्र छोटन कश्यप ने गंगा में छलांग लगा दी और सीमा तथा अंजू को सकुशल बाहर निकाल लाया। सुधा और ज्योति का सुराग नहीं लग सका। सूचना मिलने पर सीओ मोनिका यादव और इंस्पेक्टर जयवीर सिंह भी आ गए। वहां मोटर बोट और ट्यूब के सहारे दोनों की तलाश कराई गई। गांव के दस से अधिक गोताखोर भी गंगा में खाक छानते रहे लेकिन अंधेरा घिर आने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद सभी वहां से लौट आए। अब सोमवार की सुबह को फिर से दोनों की तलाश की जाएगी।