अमरोहा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले में पांच दिन तक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। महिला कल्याण निदेशक द्वारा पांचों दिवसों की थीम निर्धारित करते हुए कार्यक्रम जारी किया है।
आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। महिला कल्याण निदेशालय ने इसके लिए इंस्पायर इन्क्लूज प्रत्येक क्षेत्र में और प्रत्येक वर्ग से महिलाओं को समाहित करने हेतु प्रेरित करना की थीम पर अलग-अलग दिनों के कार्यक्रमों की घोषणा की है। जिसके तहत पांच मार्च को हममें है दम कार्यक्रम के तहत हम होंगे कामयाब इवेंट का आयोजन, छह मार्च को कानून मेरा संरक्षक कार्यक्रम के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्यालयों अथवा कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों, संरक्षण ग्रहों आदि स्तर पर पीसीपीएनडीटी एवं बाल विवाह निषेध अधिनियम पर चर्चा कार्यक्रम होगा। इसके अलावा सात मार्च को मेरे अधिकार कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण महिला केंद्रित ऐतिहासिक निर्णयों पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन होगा। जबकि आठ मार्च को अनंता कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेगा इवेंट अनंता के माध्यम से समाज में बदलाव के लिए प्रयासरत महिलाओं की प्रेरक कहानियों को जनपद स्तर पर प्रसारित करने के साथ-साथ नौ मार्च को इक्वल प्लस के तहत न्याय संहिता में महिला सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित जागरूकता अभियान का आयोजन होगा। सभी कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी की देखरेख में आयोजित होंगे।