शक के चलते पहले प्रेमी ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती पुलिस के पास पहुंच गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने युवक को थाने बुला कार्रवाई की चेतावनी दी। कार्रवाई के डर से युवक ने युवती से कोर्ट मैरिज कर ली।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का प्रेम-प्रसंग बीते कई साल से क्षेत्र के ही गांव में रहने वाले युवक के साथ चल रहा था। युवक यूट्यूब पर कंटेंट बनाता है। दोनों एक ही बिरादरी के हैं। इसलिए न तो युवती के परिजनों और न ही युवक के घर वालों ने कोई एतराज जताया। मगर कुछ समय बाद युवक-युवती के बीच गलतफहमी पनप गई। युवती काफी देर तक फोन पर बात करती थी। युवक को यह शक हो गया कि उसकी प्रेमिका अब किसी और की होने वाली है। इधर युवती को भी शक हुआ कि युवक किसी और के प्रेम जाल में फंस गया है। इस गलतफहमी के कारण दोनों के बीच दूरी बढ़ती चली गईं। युवक ने प्रेमिका के साथ शादी से साफ इनकार कर दिया लेकिन युवती ने कसम खा ली कि वह अपने प्रेमी को किसी और का नहीं होने देगी। युवती के कहने पर रिश्तेदार और परिचितों की पंचायत बैठ गई, लेकिन बात नहीं बनी। जिस पर युवती ने महिला दरोगा मीनाक्षी गुप्ता से मिल पूरा वाकया सुनाया। प्रेमी के साथ शादी कराने की मांग की। शादी न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। हरकत में आई पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को बुलाया। युवती को भी बुला लिया। उनकी गलतफहमी दूर कराई। शादी न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जिसके बाद युवक ने प्रेमिका के साथ कोर्ट मैरिज करने की हामी भरी। शुक्रवार को दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। मीनाक्षी गुप्ता ने बताया कि दोनों की कोर्ट मैरिज हो गई है।