अमरोहा। गोद भराई की रस्म अदायगी के बाद मंगेतर और उसके परिवार वाले दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ लिया। घर में घुसकर गालियां दीं। बरात लेकर नहीं आए और गोद भराई का सामान भी वापस नहीं किया। कोर्ट के आदेश पर मंगेतर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी किसान ने बेटी की शादी सैदनगली क्षेत्र के इकौंदा गांव निवासी जयवीर सिंह से तय की थी। 10 मई को गोद भराई की रस्म अदायगी की गई। अक्तूबर के नवरात्रों में शादी होनी थी। इसी बीच मंगेतर जयवीर सिंह व उसके परिजन दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। साथ ही बरात लाने से मना कर दिया।
नौ सितंबर को किसान परिवार के साथ घर में बैठे थे। तभी बेटी का मंगेतर व उसके परिजन घर में घुस आए और गालियां देने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी करने से मना कर दिया। भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित के सामने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा, उन्होंने कोर्ट की शरण ली। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मंगेतर जयवीर सिंह, उसकी मां छाया, भाई कृष्ण कुमार और पिता धर्मपाल उर्फ धर्मू के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।