हसनपुर। तहसील क्षेत्र में पहला फायर स्टेशन बनाया जा रहा है। गांव दौरारा में फायर स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अग्निशमन विभाग द्वारा 15 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन तैयार होगा। अनुमान है कि अगले दो वर्ष में फायर स्टेशन बनाकर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यह फायर स्टेशन दो यूनिट का रहेगा। जिससे आसपास के क्षेत्रों में होने वाली आग की घटनाओं पर आसानी से काबू पाया जा सकेगा।
तहसील क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र नहीं होने से लोगों को बहुत नुकसान झेलना पड़ता है। आग की घटनाओं को रोकने के लिए गजरौला या अमरोहा से अग्निशमन की गाड़ी बुलानी पड़ती है। लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही बहुत नुकसान हो जाता है। इसी को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि के प्रयासों से क्षेत्र के गांव दौरारा में अग्निशमन केंद्र बनाने की स्वीकृति मिली। इसका निर्माण करीब तीन माह पहले शुरू किया गया था। अब तक तीन करोड़ रुपये की लागत से यहां काम हो चुका है। फायर स्टेशन का भवन 30 प्रतिशत बनकर तैयार हो चुका है। तेजी के साथ कार्य कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों के मुताबिक दो वर्ष में फायर स्टेशन बनाकर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यह फायर स्टेशन दो यूनिट का रहेगा। जिसमें दमकल की दो गाड़ियां हर समय उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा दो यूनिट के हिसाब से दमकल कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। तहसील क्षेत्र में आग की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण करने के लिए इसका लाभ मिल सकेगा।
हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव दौरारा में 15 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन बनाया जा रहा है। इसमें अब तक तीन करोड़ रुपये की लागत लगाई भी जा चुकी है। दो वर्ष की अवधि में निर्माण पूरा किया जाना प्रस्तावित है। -के वर्मा, सीएफओ अमरोहा