ब्रजघाट में संभल से दिल्ली जा रही निजी बस में शार्टसर्किट के बाध उठता धुआं और वहां मौजूद यात्री।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। दिल्ली जा रही निजी बस में अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। चलती बस में धुआं निकलता देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बस रोकी। इस दौरान यात्रियों ने चीख पुकार शुरू कर दी और घबराकर बाहर निकल आए। वहीं हाईवे पर जाम लग गया।
शुक्रवार की शाम हाईवे पर ब्रजघाट स्थित गंगा नदी के पुल पर दिल्ली की दिशा में जा रही निजी बस में अचानक धुआं उठता देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। वहीं बस में सवार यात्रियों ने भी चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। वे घबराकर नीचे उतर आए। वहीं यह नजारा देख पुल पर जाम लग गया। बताते हैं कि अमरोहा निवासी सलीम पुत्र आरिफ प्राइवेट बस में अमरोहा से यात्रियों को लेकर सीलमपुर दिल्ली ले जा रहा था। जैसे ही बस गंगा पुल पर पहुंची तभी बस में शार्ट सर्किट के चलते बस से धुआं निकलने लगा। चालक ने बस में मौजूद अग्निशमन उपकरण की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद बस दिल्ली की ओर रवाना हो गई। वहीं इस दौरान हाईवे पर लगभग आधा घंटे तक जाम लगा रहा।