अमरोहा। संदिग्ध हालात में कार डेकोरेशन की दुकान और गोदाम में आग लग गई। दुकान में आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में करीब दस लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
आग लगने की यह घटना गांधी मूर्ति चौराहे की है। यहां पर आवास विकास निवासी राकेश श्रीवास्तव की कार डेकोरेशन की दुकान है। दुकान के ऊपर गोदाम बना रखा है। गुरुवार की शाम राकेश दुकान बंद कर घर गए थे। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे संदिग्ध हालात में दुकान में आग लग गई। थोड़ी देर में आग की लपटें आसमान छूूने लगीं। इससे स्थानीय लोगों में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दमकल को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन इंचार्ज रजा हसनैन दमकल की दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे। यहां पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। आग इतनी भयानक थी, फायर कर्मियों को काबू करने में दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राकेश के मुताबिक दुकान में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग्निकांड में दुकान और गोदाम में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।