डिडौली। जोया नगर पंचायत की एक सभासद के बेटे और टायर कारोबारी से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी के निर्देश पर डिडौली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा जोया के मोहल्ला इकबाल नगर सईदाबाद निवासी लईक अल्वी टायर कारोबार करते हैं। उनकी माता जायदा अल्वी वार्ड संख्या पांच की सभासद हैं। लईक अल्वी का आरोप है कि मोहल्ले की रहने वाली जुबैदा, उसकी बेटी जैनब उर्फ जाह्नवी तथा राशिदा उनके परिवार से रंजिश रखती हैं। 20 मई को तीनों महिलाएं उनकी टायर दुकान पर पहुंचीं और दो लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगीं। आरोप है कि रकम देने से इन्कार करने पर उन्होंने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी। उस समय लईक अल्वी ने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। रविवार को तीनों महिलाएं फिर उनकी दुकान पर पहुंचीं और दोबारा दो लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद लईक अल्वी ने एसपी लखन सिंह यादव से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर डिडौली पुलिस ने जुबैदा, जैनब उर्फ जाह्नवी और राशिदा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।