अमरोहा। भीड़ लगाकर बैठे ग्रामीणों पर डिडौली पुलिस ने कोविड-19 की गाइडलाइन के उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। इसमें 10 नामजद समेत 25 को आरोपी बनाया है।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के श्यौनाली गांव का है। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि मंगलवार की शाम को पुलिस कर्मी गश्त पर थे। जैसे ही वह श्यौनाली गांव पहुंचे तो वहां एक बैठक पर लोग भीड़ लगाकर बैठे थे। किसी ने भी मास्क नहीं लगाया था। सिपाहियों ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की हिदायत दी और घर भेज दिया, लेकिन गश्त से वापस लौटते समय सिपाहियों को फिर से ग्रामीण बैठे मिले थे। काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण नहीं माने और मनमानी करते रहे। कांस्टेबल शिवांक यादव ने कोतवाली पहुंच कर फैजान, फरमान, हसनैन, रईस, अजीम, वसीम, कासिम, तैयब, उवैस और शाहिद के खिलाफ नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ कोविड-19 गाइडलाइन के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई।