अमरोहा। महिला ने दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने ससुरालियों पर उत्पीड़न और पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कपासी निवासी कल्लू ने बेटी सबीना की शादी दो साल पहले संभल के असमोली थानाक्षेत्र के तलवार निवासी नासिर के साथ की थी। पीड़ित का आरोप है कि शादी में मिले दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर ससुरालियों ने उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया था। विवाहिता तभी से मायके में रह रही है। पीड़ित के मुताबिक आठ जून की शाम को वह घर पर अकेली थी, तभी पति अन्य परिजनों के साथ घर में घुस आया। उन्होंने उसके साथ मारपीट की और पति ने तीन तलाक दे दिया। विवाहिता के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख आरोपी भाग गए। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पति नासिर, जेठ शाकिर, देवर जविर, सास हसीना, ननद परवीन और ननदोई शौकीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।