अमरोहा। दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसके साथ मारपीट और क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया। गर्भपात कराने का भी आरोप है। ससुराल वाले बीमार हालत में विवाहिता को मायके में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पेशे से शिक्षक पति और कमिश्नरी के रिटायर्ड बाबू ससुर सहित बारह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जयओम नगर निवासी डॉ रमेशचंद की बेटी डॉली उर्फ प्रीति की शादी 27 फरवरी 2020 को मुरादाबाद के गांव गुरेर की मिलक निवासी शिक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले प्रीति उर्फ डॉली को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आरोप लगाया गया है कि पति सूर्य प्रकाश सिंह का अन्य दो युवतियों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसका विरोध करने पर वह शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। दहेज में मुरादाबाद में एक प्लॉट और लग्जरी कार की डिमांड की। क्रूरतापूर्व व्यवहार अपनाया। खाना न देकर विवाहिता को भूखा रखकर मारने की कोशिश करने लगे। दूसरी शादी करने की धमकी देते थे। इसी बीच विवाहिता गर्भवती हो गई, लेकिन पति और उसके परिजनों ने बच्चा गिराने की गोलियां जबरदस्ती खिला दी। इस कारण 27 जून को विवाहिता का गर्भपात हो गया।
तबीयत बिगड़ने पर 4 जुलाई को ससुराल वाले प्रीति को उसके मायके में पिता के घर छोड़कर भाग निकले जिसके बाद पिता ने उसका इलाज कराया। तभी से विवाहिता अपने मायके में रह रही है। 16 नवंबर को फिर ससुराल वाले अमरोहा पहुंचे और मारपीट करने लगे। तहरीर वापस नहीं लेने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित पिता ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सूर्य प्रकाश सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुनहरी देवी, अजब सिंह, समर सिंह, पूनम, सुभाष, अर्जुन, शशिबाला और तीन अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पिता के मुताबिक पति सूर्य प्रकाश सिंह शिक्षक है जबकि उसके पिता कमिश्नरी मुरादाबाद से रिटायर्ड बाबू हैं।