खेत पर फसलों की सिंचाई करने गए किसान की मौत के मामले में नौगांवा सादात पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों ने कुछ दिन पहले भी मृतक किसान पर मुकदमा दर्ज कराया था। भरी पंचायत में आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि नौगांवा सादात थाना क्षेत्र याहियापुर गांव निवासी किसान हरिराज सिंह अपनी पत्नी राकेश देवी और दो बच्चों के साथ अमरोहा नौगांवा सादात रोड स्थित कताई मिल के पास मकान बनाकर रहते थे। शनिवार शाम करीब चार बजे हरिराज सिंह खेत पर फसल की सिंचाई करने गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें फोन किया, मगर नंबर बंद था। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात भर परिजन उनकी तलाश करते रहे। कहीं सुराग नहीं लगा था। रविवार सुबह गांव के ही रहने वाले महकार सिंह के खेत में हरिराज सिंह का शव पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए थे। मृत मिले हरिराज सिंह के माथे और गाल पर चोट के निशान मिले थे। कानों से खून बह रहा था।शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। लिहाजा मामले में मृतक के भाई लालबहादुर की तहीर पर प्रमोद, उसके भाई राकेश, विशाल निवासी याहियापुर कताई मिल और अल्लाउद्दीन मलिक निवासी कांठ रोड अमरोहा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले रंजिशन मृतक हरिराज के खिलाफ झूठा मुकदमा लिखवाया था। इस संबंध में पंचायत की गई तो उसमे भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी गई थी। सीओ के मुताबिक मामले में गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्य और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।