रजबपुर। हैबतपुर गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने हालात संभाले। पुलिस ने एक पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया है।
हैबतपुर गांव में किसान हफीज खान का परिवार रहता है। उनके बेटे फैज खान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गांव के ही काशिफ खान, शारिफ खान, नाजिम खान, नासिर खान और इफराहीन खान दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। फैज खान के चाचा नासिर खान के बच्चों की कहासुनी काशिफ खान के परिवार के बच्चों से हो गई थी।
इसी बात को लेकर वह रंजिश मानने लगे। आरोप है कि सोमवार दोपहर 12:30 बजे आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में नासिर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अस्पताल में भर्ती है। नसीम खान सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची रजबपुर पुलिस ने हालात संभाले थे। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में काशिफ खान, शारिफ, नाजिम, नासिर, इफराहीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।