अमरोहा। गन्ना बीज किसानों को बेचकर मिलने वाले रुपयों को चीनी मिल के खाते में जमा नहीं करने के मामले में सुपरवाइजर के खिलाफ अमानत में खयानत की एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह मामला वेव शुगर मिल मंडी धनौरा से जुड़ा है। जनपद लखीमपुर खीरी के गोला निवासी अतुल कुमार शुगर मिल में गन्ना सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। वह रजबपुर थानाक्षेत्र में कार्यरत थे। पिछले गन्ना बुआई सीजन में उसने रजबपुर के गांव बावनपुरा निवासी किसान चंद्रपाल सिंह के खेत से 98.60 क्विंटल गन्ना बीज कटवा कर किसानों को बेच दिया। इस गन्ने के बीज को आधिकारिक रूप से मिल द्वारा खरीदा गया था। गन्ना बीज के 29 हजार 471 रुपये को अतुल कुमार ने मिल के खाते में जमा नहीं किया। उसने रुपयों को अपने पास रख लिया। लगातार सूचना देने के बाद भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इस संबंध में मिल के गन्ना प्रबंधक देवी प्रसाद तिवारी ने रजबपुर थाने में तहरीर दी। लेकिन, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने अमानत में खयानत की एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी अतुल कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।