अमरोहा। तीन तलाक पीड़ित विवाहिता ने ससुराल वालों पर अमानत में खयानत का केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि तीन तलाक का मुकदमा दर्ज होेने के बाद भी ससुराल वाले दहेज में मिला समान वापस नहीं कर रहे हैं। विवाहिता ने अब पति सहित सात लोगों को आरोपी बनाया है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मोहल्ला बुध बाजार निवासी अशरफ अली की बेटी शबनम खातून की शादी वर्ष 2018 में उत्तरी दिल्ली के गली गंधक वाली आजाद मार्केट बाड़ा हिंदू राव निवासी मोहम्मद जुनैद खान के साथ हुई थी। शादी के बाद विवाहिता को एक बेटी पैदा हुई। आरोप है कि विवाहिता पक्ष ने शादी में 80 लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। तीन जून को विवाहिता अपने मायके में थी। तभी घर आए पति ने तीन तलाक दे दिया था। इस संबंध में विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक की एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि ससुराल वाले शादी में दिया सारा सामान का इस्तेमाल कर रहे हैं। उसे तोड़फोड़ कर खुद-बुर्द कर रहे हैं। वापस मांगने पर साफ मना कर दिया।
विवाहिता ने इसकी शिकायत एसपी पूनम से की। उनके आदेश पर नौगांवा सादात पुलिस में मोहम्मद जुनैद खान, साबिर हुसैन, आयशा बेगम, आलिया खान, नरगिस उर्फ सिदरा, तैय्यब और शाहिद के खिलाफ अमानत में खयानत की एफआईआर दर्ज की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।