अमरोहा। ससुराल वालों ने दहेज के लिए विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। दहेज में बुलेट बाइक और एक लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। नौगांवा सादात पुलिस ने एसपी के निर्देश पर आरोपी पति समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव बरखेड़ा सादात निवासी फूल सिंह की बेटी सुमन की शादी 2019 में क्षेत्र के गांव पीपली घोसी निवासी अभिनाश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज में एक बुलेट बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। विवाहिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। 22 अप्रैल को आरोपी ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। तभी से विवाहिता मायके में पिता के घर रह रही है।
पीड़िता ने मामले की शिकायत नौगांवा सादात थाना पुलिस से की। मामले में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति अविनाश, सरोज देवी, जगदीश, रवि, नितिन, रीना, अमित, मीना और अमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सतीश कुमार पांडे ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।