अमरोहा। धोखाधड़ी के आरोपी के साथ मारपीट और उसकी पत्नी से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने पांच भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चकली निवासी समीना ने आरोप लगाया कि उसके पति अहमद उमर उर्फ मुन्ना के खिलाफ शौकीना खातून ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे के बाद शौकीना खातून के बेटे गुड्डू उर्फ शहफाज, अलतमीश, नवाजिश, आसिफ और साकिब रंजिश उससे रखने लगे। रविवार की रात आरोपी उसके घर में घुस आए और पति अहमद उमर उर्फ मुन्ना के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। पिटाई का विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ छेड़खानी की। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर आरके शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर सगे पांच भाइयों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़, बवाल सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच जमीनी को लेकर मुकदमेबाजी चल रही है। पंद्रह दिन पहले आरोपियों की मां शौकीना खातून ने अहमद उमर उर्फ मुन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।