हसनपुर। हूटर लगी कार पर चढ़कर स्टंटबाजी करने में भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह भाटी समेत कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद की गई है। कस्बा चौकी प्रभारी रामप्रकाश सिंह ने तहरीर में बताया कि 13 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसकी जांच की गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हसनपुर अतरासी मार्ग पर दिग्विजय भाटी का काफिला गुजर रहा था। जिसमें हूटर लगी कार पर चढ़कर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया और स्टंटबाजी की। जिसकी वजह से मार्ग बाधित हुआ। दो दिन पहले ही सैदनगली थाने में दुष्कर्म पीड़िता की मां की तहरीर पर धमकाने के आरोप में दिग्विजय भाटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे पहले चार दिसंबर को रहरा थाना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर के साथ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा 18 दिसंबर को नेशनल हाईवे-9 पर फॉरच्यूनर से स्टंट करने पर 29 हजार रुपये का चालान किया गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि कार पर चढ़कर स्टंटबाजी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं किसान नेता दिग्विजय भाटी का कहना है कि पुलिस प्रशासन के द्वारा बेवजह कार्रवाई की जा रही है। किसानों के हक के लिए संघर्ष करता रहूंगा।