बछरायूं (अमरोहा)। शनिवार की शाम मोहर्रम के जुलूस के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इससे जुलूस में भगदड़ मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बे में मोहर्रम का जुलूस प्रमुख मार्गों से निकाला जा रहा था। इस दौरान युवकों के दो गुटों में मारपीट शुरू हो गई। जिसके बाद जुलूस में भगदड़ मच गई थी। जुलूस में शामिल लोगों ने किसी तरह बीच बचाव किया। इस दौरान मारपीट करने युवक मौके से फरार हो गए थे। जुलूस में शामिल किसी शख्स ने मारपीट का वीडियो बनाकर रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो का संज्ञान अधिकारियों द्वारा लिए जाने पर पुलिस हरकत में आ गई। घटना में शामिल लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने इस मामले में फैसल निवासी मुहल्ला कानूनगोयान की तहरीर पर कस्बे के ही बाबू, समीर, मोनू, शान, अजीम, एहसान व आहद के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक संत कुमार ने बताया कि युवकों के बीच स्कूल में विवाद हो गया था। जुलूस में जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो आपस में भिड़ गए थे। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-