हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में पंद्रह वर्षीय किशोरी को गांव का ही एक युवक बहला फुसलाकर नर्सरी में ले गया और दुष्कर्म किया। वीडियो और फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए पांच लाख की मांग की। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोरी का कहना है कि गांव से एक युवक ने अपनी बातों में बहलाया। घटना पांच मार्च की है। युवक किशोरी को बहला फुसलाकर पास की नर्सरी में ले गया और वहां पर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने दुष्कर्म करते समय की वीडियो बनाई और फोटो भी खींचे। जिन्हे वायरल करने की धमकी देकर किशोरी से पांच लाख की मांग की। ब्लैकमेल किया। किशोरी ने घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने आरोपी के घर शिकायत की। जिसके बाद कुछ लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन किशोरी के परिजन नहीं माने। परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी के मामा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।