अमरोहा जिला अस्पताल में मरीजों को देखते डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
जपनद में भीषण गर्मी का सितम जारी है। इसका असर जिला अस्पताल की ओपीडी पर पड़ने लगा है। अस्पताल में वायरल की डिग्री बढ़ गई है। गर्मी में उल्टी, दस्त और बुखार के मरीजों से अस्पताल के वार्ड भर गए हैं। डायरिया को लेकर अस्पताल सतर्क हो गए हैं। सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
मंगलवार को जिला संयुक्त अस्पताल अलावा निजी अस्पतालों में उल्टी, दस्त और बुखार के मरीज की संख्या बढ़ती जा रही है। चिकित्सकों के मुताबिक हर रोज 40 प्रतिशत मरीज उल्टी दस्त के आ रहे हैं। जबकि ओपीडी में 50 प्रतिशत मरीज डायरिया के पहुंच रहे हैं। सीएमएस डा. राम निवास ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ डायरिया के मरीज बढ़े हैं।
अस्पताल की ओपीडी में औसतन रोजाना सात सौ मरीज पहुंचते हैं। लेकिन सोमवार को 1100 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई हैं। इनमें से अधिकांश मरीज उल्टी दस्त के रहे। जबकि 10 से 20 मरीज लू के शिकार आते हैं। संयुक्त जिला अस्पताल में भी मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। रोजाना 15 से अधिक मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।