आदमपुर। बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कोई ना कोई बुखार की वजह से दम तोड़ रहा है। गांव भावली में किसान की बुखार से मौत हो गई। जबकि उसके दो बेटों की हालत नाजुक बनी है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव भावली निवासी पचास वर्षीय किसान जसपाल सिंह का परिवार रहता है। जसपाल सिंह गांव में परचून की दुकान भी चलाते थे। पिछले एक सप्ताह से जसपाल सिंह को बुखार आ रहा था। परिजनों द्वारा रहरा निजी चिकित्सक से उपचार करवाया जा रहा था। हालत में सुधार ना होने पर हसनपुर में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया। शनिवार की रात को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताते हैं कि मृतक ने अपने पीछे पत्नी सहित चार बेटों को छोड़ा है। जसपाल सिंह के दो बेटों की भी बुखार से तबीयत खराब है। उनका उपचार करवाया जा रहा है।