अमरोहा। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने डीएम को ज्ञापन देकर 15 अगस्त तक किसानों की बिजली संबंधी समस्याएं निस्तारित करने की मांग की। वहीं, निस्तारण न होने पर 16 अगस्त को मेरठ के पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष जोरावर सिंह ने बताया कि डीएम राजेश कुमार त्यागी को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों के नलकूप पर बिना शर्त बिजली बिल माफी, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रीपेड मीटर न लगाने, सभी फसलों के नगद भुगतान, मध्य गंगा नहर में पानी छोड़े जाने समेत अन्य किसान समस्याओं को लेकर 15 जुलाई से क्रमिक अनशन चल रहा है। किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। तहसील स्तर पर आंदोलन हो चुका है। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 अगस्त तक उनकी समस्या का निस्तारण नहीं होता है तो वे 16 अगस्त को मेरठ के पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। संवाद