हसनपुर। भारतीय किसान यूनियन शंकर के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद भी मध्य गंगा नहर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। अन्य समस्याएं भी जस की तस बनी हैं।
सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसडीएम कार्यालय परिसर में भाकियू शंकर का धरना शुरू हुआ। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि बिजली आपूर्ति पर्याप्त नहीं मिलने की वजह से फसलें सूख रही हैं। जबकि मध्यगंगा नहर में भी पानी नहीं है। कहना था कि आखिर मध्यगंगा नहर का निर्माण किस लिए कराया गया है। जल्द ही पानी छोड़ा जाना चाहिए। हर घर जल योजना के तहत जिन गांवों में ओवरहैड टैंक बनाए गए हैं। वह सही से संचालित नहीं किए जा रहे।
पंचायत में जल निगम, मध्यगंगा नहर और बिजली विभाग से कोई अधिकारी नहीं पहुंचने पर किसानों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने जोरदार नारेबाजी करते हुए बेमियादी धरने की एलान कर दिया। कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद नागर, ब्लॉक अध्यक्ष धीरज सिंह, सुनील, कैप्टन वीर सिंह, अनुज नागर, कावेंद्र सिंह, परम सिंह, राजू चौहान, चंद्रशेखर, नेतराम, ओमपाल सिंह, मनवीर सिंह, भगवत सिंह, अमीचंद, सीताराम, उदयवीर सिंह, दीपक कुमार रहे।