हसनपुर। भारतीय किसान यूनियन शंकर के कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया। अध्यक्षता सरजीत चौहान व संचालन कैप्टन वीर सिंह चौहान ने किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों एवं विद्युत उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर खून चूसक मीटर साबित हो रहे हैं। जहां सामान्य मीटर में मासिक बिल 600-700 रुपये आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद यही बिल बढ़कर चार से पांच हजार रुपये तक पहुंच रहा है।
उपभोक्ता का बैलेंस माइनस हो जाता है, तो बिजली आपूर्ति दो घंटे से लेकर दो दिन तक बाधित रहती है। कहा कि स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाए जाएं। 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।
चेतावनी दी कि यदि 30 अप्रैल तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो एक मई से अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड हसनपुर के कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा अन्य मांगें भी रखीं। यहां धर्मवीर सिंह, मदन सिंह, नेमपाल सिंह, शेर सिंह राणा, जविंदर सिंह, लोकेश प्रधान, जितेंद्र राणा, योगेंद्र खड़गवंशी और राजपाल सैनी आदि रहे। संवाद