अमरोहा। किसानों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में नारेबाजी कर दस सूत्री मांगों से संबंधित डीएम के नाम ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण सात सितंबर तक नहीं हुआ तो आठ सितंबर को कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए किसान आंदोलन शुरू कर देंगे।
भाकियू शंकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को किसान कलक्ट्रेट में पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। स्मार्ट मीटर के नाम पर किसानों को छला जा रहा है लेकिन किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने 10 सूत्री मांगों से संबंधित एक ज्ञापन डिप्टी कलक्टर ब्रजपाल सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य 518 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने व अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान का 15 प्रतिशत ब्याज की दर से भुगतान कराने, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा किसानों से केसीसी के नवीनीकरण के नाम पर दोबारा चार्ज काटा जा रहा है, जो ठीक नही है। केसीसी पर सब्सिडी भी नहीं मिल रही है। सरकार ने केसीसी की लिमिट तीन से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी है, लेकिन बैंकों द्वारा अभी तक इसे लागू नहीं किया जा सका है।
उन्होंने कहा कि जनपद को अस्तित्व में आए हुए 28 साल बीत गए हैं, लेकिन जिले में विकास प्राधिकरण का गठन नहीं हो सका है। विनियमित क्षेत्र में किसी जेई की तैनाती न होने के कारण नक्शा पास कराने में भी लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने तेंदुओं को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने, मध्य गंगा नहर फेज 2 बहजोई ब्रांच में पानी छोड़े जाने, सहकारी समितियों व निजी दुकानदारों से रसायनिक उर्वरकों व पेस्टीसाइड का सैंपलिंग कराकर जांच के लिए भेजने सहित कई मांगें उठाई।
उन्होंने कहा कि सात सितंबर तक किसानों की मांंगें पूरी नहीं हुईं तो, आठ सितंबर को 11 बजे से कलक्ट्रेट का घेराव कर धरना प्रदर्शन व आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने धरना प्रदर्शन व आंदोलन में संबंधित अधिकारियों के पहुंचने की मांग भी रखी है। इस दौरान यतेंद्र कुमार, राकेश सिंह, धर्मवीर सिंह, सोमपाल सिंह, नरेश कुमार, नारायण सिंह, ज्ञान सिंह शामिल रहे।