हसनपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे के निकट गांव मंगरौला में औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारियों के विरोध में किसान एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि जमीन का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा।
दो दिन पूर्व गांव मंगरौला में यूपीडा के अधिकारियों ने प्रशासन के अधिकारियों के साथ औद्योगिक गलियारे के लिए चिन्हित की गई जमीन का निरीक्षण किया था। इससे खफा होकर किसान सोमवार को आदर्श इंटर कॉलेज कुटी दौलतपुर के निकट शिव मंदिर प्रांगण पर एकत्र हुए। किसानों ने कहा कि जमीन का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। गांव ढकिया खादर, गंगवार, शंकरगढ़ी, रुस्तमपुर आदि गांव के किसानों ने संकल्प लिया कि जमीन नहीं दी जाएगी। जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। महापंचायत का आयोजन कर अधिकारियों को बुलाया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन अंबावता के युवा जिला अध्यक्ष लोकेश बिधूड़ी, धनपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, मदन सिंह, रामवीर सिंह, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।