हसनपुर (अमरोहा)। भाकियू संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों व किसानों ने गन्ने की होली जलाई गई। साथ ही नारेबाजी कर रोष जताया। गांव कूबी में बृहस्पतिवार को पंचम सिंह के आवास पर पंचायत हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। गन्ने का सीजन शुरू होने वाला है लेकिन अभी तक गन्ने का भाव नहीं बढ़ाकर घोषित नहीं किया गया। जहां एक तरफ लोग दशहरा पर रावण का पुतला जला रहे हैं, वहीं प्रदेश का किसान गन्ने की होली जला रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों की नाराजगी का परिणाम देख लिया है। यदि उत्तर प्रदेश सरकार अभी भी किसान विरोधी कार्य करने से नहीं रुकी तो आने वाले चुनाव में उत्तर प्रदेश का किसान अपनी ताकत दिखाने को मजबूर होगा। भारत देश को कृषि प्रधान देश कहा जाता है लेकिन ऐसा है नहीं।
राष्ट्रीय सचिव चंद्रपाल सिंह ने कहा कि अब किसानों का उत्पीड़न कतई सहन नहीं किया जाएगा। किसान को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त देने का वायदा करने के बाद उसका निजीकरण किया जा रहा है। जिसका संयुक्त मोर्चा पूरी तरह से विरोध करता है। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री शीशपाल सिंह, राष्ट्रीय महासचिव दलजीत सिंह, जिला अध्यक्ष राहुल सिद्धू मौजूद रहे। संवाद