मंडी धनौरा। चीनी मिल में गन्ना लेकर आ रहे किसान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गए और घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ के लिए रेफर किया गया है।
गांव ढाकोवाली निवासी पंकज मंगलवार देररात चीनी मिल में ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर जा रहे थे। उनके आगे गांव शीशोवाली निवासी कलुवा भी ट्रैक्टर से चीनी मिल आ रहा था। गांव नबाबपुरा के पास पंकज का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कलुवा के ट्रैक्टर से टकरा गया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पंकज ट्रैक्टर के नीचे दब गए। इस पर कलुवा ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से पंकज ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। किसान की हालत नाजुक बनी हुई है। ट्रैक्टर के पलटने से शेरपुर मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। संवाद