आदमपुर। त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर में गन्ना लेकर पहुंचे किसान की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव देहरी खादर निवासी करन सिंह (55) बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर चंदनपुर त्रिवेणी शुगर मिल पहुंचे थे। बताते हैं कि उनका ट्रैक्टर मिल के परिसर में खड़ा था वह चालक के पास वाली सीट पर बैठे थे। इस दौरान वह ट्रैक्टर से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर ट्रैक्टर के पायदान में फंस गया और संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
बताते हैं कि हादसे के बाद मिल के अधिकारी अपनी गाड़ी से घायल किसान को उनके घर छोड़कर चले गए। घर पहुंचने के बाद करन सिंह की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी ब्रह्मा देवी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।