अमरोहा। घास की गड्डी लेकर घर जा रहे किसान को बाइक सवार सिंचाई विभाग के चौकीदार ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी चौकीदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
यह हादसा गुरुवार की शाम अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में कलक्ट्रेट के सामने हुआ। क्षेत्र के रायपुर खुर्द गांव निवासी कमल सिंह (65) पुत्र भौंदा सिंह गुरुवार की देर शाम जंगल से घास की गड्डी लेकर घर लौट रहे थे। गड्डी उनके सिर पर रखी हुई थी। कलक्ट्रेट के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कमल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार युवक भी मामूली रूप से घायल हो गया। थोड़ी ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान कमल सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजीव कुमार त्यागी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बाइक सवार चालक को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि किसान के बेटे कपिल की तहरीर पर चौकीदार देवेंद्र निवासी घोसीपुरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।