गजरौला (अमरोहा)। गंगापार गांव गुलालपुर में स्थित फार्म हाउस पर कब्जे को लेकर चले आ रहे विवाद का जिन्न फिर बोतल से बाहर आ गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को आतंकित करने के लिए फार्म पर धावा बोल दिया और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे लोग दहशत में आ गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत डीएम और एसपी से भी की है। थाने में भी तहरीर दी गई है।
सोमवार को थाने आए विनीत पुत्र चरन सिंह निवासी गांव पटना थाना हापुड़ देहात जनपद हापुड़ ने अपने दादा कटार सिंह पुत्र समय सिंह निवासी शिवगढ़ी जनपद हापुड़ की ओर से लिखी तहरीर सौंपी। इसमें कहा गया है कि उन्होंने 2010 में गुलालपुर एतमाली थाना गजरौला में 108 बीघा भूमि खरीदी थी। वहां फसलों का उत्पादन होता है। तहरीर में कहा गया है कि कुछ सशस्त्र लोगों ने उनके फार्म हाउस पर धावा बोल दिया और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की। इतना ही नहीं वहां मौजूद एक नौकर को गाली देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में कहा गया है कि पूर्व में ही आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है। इंस्पेक्टर डीके शर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है। बता दें कि गांव गुलालपुर स्थित जाटव फार्म एवं गूर्जर फार्म के मालिकों के बीच अर्से से विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर पूर्व में कई बार गोलियां तक चल चुकी हैं। इतना ही नहीं एक युवक की सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या भी कर दी गई थी।