अमरोहा। प्राथमिक विद्यालय पंडकी में सहायक अध्यापिका रहीं दिवंगत शाहिन परवीन की पारिवारिक पेंशन के मामले में पुनर्विवाह के बाद भी पेंशन लेने की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। खंड शिक्षा अधिकारी जोया ने उनके पति मतलूब सुबहानी को 15 अक्तूबर को साक्ष्यों और पेंशन स्वीकृति के समय प्रस्तुत किए गए अभिलेखों के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
अमरोहा नगरपालिका सभासद एवं अधिवक्ता मोहम्मद यासिर ने 17 सितंबर को इस संबंध में शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शाहिन परवीन की मृत्यु सात मार्च 2008 को हुई थी। इसके बाद उनके पति को पारिवारिक पेंशन स्वीकृत हुई। आरोप है कि मतलूब सुबहानी ने 21 जून 2009 को शाहिन परवीन की छोटी बहन जरका परवीन से पुनर्विवाह कर लिया। इसके बावजूद 21 जून 2009 से 30 नवंबर 2017 तक पारिवारिक पेंशन प्राप्त की जाती रही। शिकायत के आधार पर बीएसए डॉ. मोनिका ने जोया खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। पेंशन निरस्त किए जाने का अंतिम निर्णय जांच और अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही लिया जाएगा।