हसनपुर (अमरोहा)। प्रधानाध्यापक वैभव गुप्ता प्रकरण में आरोपी बनाए गए शिक्षकों के परिजनों ने बृहस्पतिवार को सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक ने जहर खाया ही नहीं, उसने भ्रष्टाचार की पोल खुलने के डर से जहर खाने का नाटक कर अधिकारियों को गुमराह किया है।
प्रकरण की सीबाआई जांच होनी चाहिए। सहायक अध्यापक हेमराज कोहली की पत्नी ने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह जहर खाकर आत्महत्या कर लेगी।
21 मार्च की दोपहर को गंगेश्वरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय निरयावली भूड़ के प्रधानाध्यापक वैभव गुप्ता ने जहर का सेवन कर लिया था। उसने साथी शिक्षकों पर विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण में कमीशन मांगने का आरोप लगाया था। मामले में सहायक अध्यापक हेमराज कोहली व नन्हे सिंह को निलंबित किया जा चुका है, जबकि इन दोनों और शिक्षामित्र अजीत सिंह पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है।
बृहस्पतिवार को सहायक अध्यापकों और शिक्षामित्र के परिजन व ग्रामीण एकत्र होकर सीओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए। जांच पूरे होने तक प्रधानाध्यापक को विद्यालय से हटाया जाए। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, प्रधान हेमराज गुर्जर, राजपाल सिंह, शोभिन नागर, सुशील कुमवार देवव्रत, सिंह, ममता, पिंकी, परीक्षा, निरंजन सिंह, अमर आदि रहे। संवाद