हसनपुर। दि किसान सहकारी चीनी मिल कालाखेड़ा हसनपुर में जल्द ही विस्तारीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। विस्तारीकरण के बाद चीनी मिल की गन्ना पेराई क्षमता दोगुनी हो जाएगी। जिससे क्षेत्र के किसानों को फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 26 अप्रैल 2018 को हसनपुर में आयोजित जनसभा के दौरान हसनपुर चीनी मिल के विस्तार कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसकी स्थापना के लिए कार्यदायी संस्था के चयन के संबंध में संघ स्तर पर निवेदन भी आमंत्रित की जा चुकी हैं। शीघ्र संघ द्वारा कराए संस्था का चयन किया जाएगा और विस्तारीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा का कहना है कि चीनी मिल का विस्तारीकरण होने से इसका लाभ किसानों को मिलेगा।
पर्याप्त मात्रा में गन्ना पर्ची नहीं मिलने की वजह से परेशान होकर किसान औने के पौने दामों में गन्ने को कोल्हू पर बेचने को मजबूर होते हैं। भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष ठाकुर महेश सिंह का कहना है कि लेकिन जब चीनी मिल की पेराई क्षमता दोगुनी हो जाएगी तो किसानों को भरपूर मात्रा में गन्ने की पर्चियां मुहैया हो सकेंगी। जिससे कि वह अपने खेत का सारा गन्ना समय से चीनी मिल पर आपूर्ति कर सकेगा। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राहुल यादव का कहना है कि जल्द ही चीनी मिल का विस्तारीकरण का कार्य शुरू होने वाला है। विस्तारीकरण होने के बाद इसका सबसे ज्यादा लाभ किसानों को पहुंचेगा।