अमरोहा। जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि सुनिश्चित करें कि सरकार की कल्याणकारी नीतियों का लाभ हर जरूरतमंद को जरूर मिले। जो भी लंबित विकास कार्य हैं, उनको समय से पूरा कराया जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत सभी परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाए जा रहे अतिथिगृह के बारे में जानकारी की। साथ ही अमरोहा से कैलसा रोड के चौड़ीकरण के कार्य को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां ओवरहेड टैंक तैयार गए हैं और पाइपलाइन बिछाकर कनेक्शन दे दिए गए हैं। वहां आपूर्ति शुरू करें। साथ ही जो परियोजनाएं अधूरी हैं, उनको शीघ्रता के साथ पूरा किया जाए। पाइपलाइल बिछाने के लिए तोड़ी गई सड़कों को भी दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
बिजली विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफॉर्मर को समय से बदला जाए, साथ ही आपूर्ति भी रोस्टर के अनुसार हो। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने संचालित गौशालाएं उनके टीकाकरण, सहभागिता योजना और नए गोशालाओं के निर्माण के चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप का आयोजन करें। कोई भी पात्र योजनाओं का लाभ पाने से चूकना नहीं चाहिए।
उन्होंने टीबी मरीजों की संख्या पोषण पोटली का वितरण आदि की जानकारी ली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, उर्वरकों की उपलब्धता, यूरिया की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी उप निदेशक कृषि एवं जिला कृषि अधिकारी से लेते हुए कहा कि आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न न हो इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कैंप लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री बनाने के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा बताए गए निर्देशों का पालन कराया जाएगा। इस अवसर पर बाल सेवा योजना कोविड के अंतर्गत चार बच्चों को लैपटॉप भी दिए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की तरफ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी प्रभारी मंत्री नेकिया और शिविर में लगे सभी स्वास्थ्य स्टॉल का बारीकी से अवलोकन किया।
बैठक में एसपी अमित कुमार आनंद, सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, परियोजना निदेशक अंबरीश कुमार, डीडीओ सरिता द्विवेदी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी पुनीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी शामिल रहे।
कार्यकर्ताओं का मान सम्मान सर्वोपरी : मलिक
जोया। भाजपा मंडल कार्यालय पर प्रभारी मंत्री केपी मलिक को बुके देकर स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों व रीतियों से जनता को अवगत कराने को कहा। कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। उनका सम्मान सर्वोपरी है। किसी भी कार्यकर्ता के मान-सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष जीत सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी, तेजपाल सिंह, कपिल, सत्येंद्र सिंह, राजवीर विश्वकर्मा, अनुज कुमार, नवनीत कुमार, दीपू चौधरी आदि मौजूद रहे।