क्रिकेटर मोहम्मद शमी के गांव में बनने वाले ग्रामीण स्टेडियम की कवायद शुरू हुए एक साल का समय बीत गया है। लेकिन, जमीन के युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित होने के इंतजार में इसके निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए डीएम की ओर से राजस्व परिषद को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
विश्वकप 2023 में शानदार प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने क्रिकेटर शमी के गांव सहसपुर अली नगर में स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। युवा कल्याण विभाग की ओर से बनाए जाने वाले इस स्टेडियम के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च होने हैं। शासन की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए बजट भी जारी कर दिया है और कार्यदायी संस्था को भी नामित कर दिया गया है। स्टेडियम के निर्माण का जिम्मा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपा गया है।
लेकिन, सारी कवायद होने के बाद भी जमीन के युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित होने की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। इसके लिए डीएम द्वारा भी राजस्व परिषद को प्रस्ताव भेजा गया है। जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि जमीन विभाग को हस्तांतरित होने के बाद स्टेडियम का निर्माण शुरू हो जाएगा।