हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के जंगल में युवती के साथ तीन चार युवकों द्वारा की जा रही छेड़खानी और अश्लील हरकतों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। युवती मनचलों से बचना चाह रही है, लेकिन जंगल में अकेली युवती की मजबूरी का फायदा उठाते हुए युवक वीडियो में देखे जा सकते हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस जानकारी से इंकार कर रही है।
मंगलवार दोपहर को खादर क्षेत्र के व्हाट्सएप ग्रुपों में एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें जंगल में तीन चार युवक एक अकेली युवती से छेड़खानी करते नजर आ रहे हैं, युवती आरोपियों से बचकर वहां से निकलने की कोशिश कर रही है, लेकिन आरोपियों की संख्या अधिक होने की वजह से युवती उनसे बच नहीं पा रही है। आरोपियों के द्वारा की जा रही गंदी बातें भी वीडियो में स्पष्ट सुनाई दे रही हैं। कई युवक युवती के शरीर को अलग-अलग स्थानों पर छूते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इस बात का भी जिक्र है कि दूसरे स्थान पर ही एक अन्य युवती को कुछ लड़कों ने पकड़ रखा है। उसके साथ गलत काम होने की बात की जा रही है। विवश युवती आरोपियों के चंगुल से किसी तरह से बचकर वहां से निकलने की कोशिश करती नजर आ रही है। युवती और आरोपियों के गांव आसपास बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
युवती के साथ जंगल में छेड़खानी का वीडियो वायरल होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच पड़ताल कराई जाएगी और तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -आरपी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर