हसनपुर समाधान दिवस में लगी फरियादियों की लाइन।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र में अतरासी रोड पर स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहीं छात्राओं की स्कूटी में टक्कर मारकर बाइक सवार युवकों ने कहा कि मोबाइल नंबर नोट कर लीजिए। मना करने पर छात्राओं को जान से मारने की धमकी देते हुए युवक भाग गए। नाराज छात्राओं ने तहसील दिवस में पहुंचकर मामले की जिलाधिकारी से शिकायत की। मामले में दो युवकों को नामजद करते हुए चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी दूसरे गांव में स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के बाद छात्रा अपनी बहन और सहपाठी छात्रा के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थी। अतरासी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों पर सवार युवक पहुंचे और स्कूटी में टक्कर मारकर कहा कि मोबाइल नंबर नोट कर लीजिए। छात्राओं ने खरी-खोटी सुनाई। आरोप है कि मनचलों ने छात्राओं को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जो हुआ वह देखने लायक था। स्कूटी पर सवार छात्रा सीधे ब्लॉक सभागार में पहुंच गई। जहां पर समाधान दिवस समाप्त होने पर जिलाधिकारी अपनी कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच छात्रा स्कूटी लेकर वहां पहुंच गई और बोली मुझे डीएम से मिलना है। जिलाधिकारी ने बात सुनी और मामले में पुलिस से कार्रवाई करने के लिए कहा। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर गांव देहरा मिलक निवासी डब्लू और उसके साथी गजेंद्र समेत दो अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।