गजरौला। कबीरपुर-कासमाबाद में मिनी शुगर मिल में ट्रक में चीनी की बोरी लादकर तिरपाल खींच रहे रमेश (36) पुत्र छत्रपाल नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उपचार के लिए मेरठ ले गए थे। जहां पर देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। मिनी शुगर मिल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाटुुपुरा निवासी रमेश गजरौला थाना क्षेत्र के कबीरपुर-कासमाबाद स्थित मिनी शुगर मिल में काम करते थे। बृहस्पतिवार की शाम सात बजे मिनी शुगर मिल के कर्मचारियों संग रमेश ने ट्रक में चीनी की बोरियां लदवाईं। इसके बाद वह ऊपर चढ़ कर तिरपाल को खींच रहे थे। अचानक उनका पैर फिसल गया। जिससे वह नीचे गिर गए। सिर फर्श पर लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। कर्मचारी व स्टाफ उनको मेरठ के निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर उनको मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की तड़के तीन बजे परिजन शव को लेकर ब्रजघाट चौकी पहुंचे।
रमेश की मौत के लिए मिनी शुगर मिल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि समय पर उपचार मिल जाता तो रमेश की जान बच सकती थी। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-