कैलसा (अमरोहा)। एक मुश्त समाधान योजना के तहत चलाया जा रहे अभियान के दौरान बिजली कर्मियों के सामने ही बाइक सवार युवक ने टीजीटू से मारपीट की। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। बिजली कर्मियों ने किसी तरह टीजीटू को बचाया। पुलिस ने मामले में आरोपी मोहम्मद मुस्तफा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैलसा बिजलीघर पर संजय सोनी टीजीटू के पद पर तैनात हैं। बिजली विभाग की ओर से एक मुश्त समाधान योजना चलाई जा रही है। इसके तहत टीजीटू संजय अवर अभियंता नीरज कुमार, संविदा लाइनमैन शोभित यादव, जयगोविंद भारद्वाज सहित अन्य कर्मियों के साथ तेलीपुरा माफी गांव में गए थे। गांव में बिजली बिल जमा करने और बकायेदारों की लाइन काटने का काम हो रहा था। इस बीच बिजलीकर्मी बकायेदार सत्यवान की लाइन काटने के लिए आगे बढ़े, तभी बाइक सवार मोहम्मद मुस्तफा आया और टीजीटू संजय के साथ मारपीट करने लगा। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। अन्य बिजली कर्मचारियों ने संजय सोनी को बचाया। वहीं, ग्रामीणों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया।
सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि मामले में टीजीटू संजय की तहरीर पर मोहम्मद मुस्तफा के खिलाफ मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।