बिजली की लाइन और खंभे खेतों में पानी पहुंचने में बाधक बने हैं। मध्य गंग नहर की माइनर में खड़े खंभों के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो रहा है। नहर के अफसरों ने अधिशासी अभियंता से लाइन व खंभे शिफ्ट कराने की मांग की।
बिजनौर से शुरू हुई मध्य गंग नहर जिले में रजबपुर क्षेत्र के पपसरा गांव के पास से गुजर रही है। मुख्य नहर से निकल रहीं उसकी छोटी-छोटी करीब 40 नहरों से पानी खेतों में पहुुंचेगा। जिसका काम दो दशक से चल रहा है। काम अंतिम चरण में है। मगर गजरौला क्षेत्र में गांवों के पास से गुजर रही माइनर में बिजली की लाइन के खंभे खड़े हैं।
इनके कारण काम रुक गया है। खंभे और लाइन खेतों में पानी पहुंचने में बाधक बने हैं। माइनर पर काम करा रहे मध्य गंग नहर के मेट विजेंद्र गिरि ने सिंचाई विभाग के एसडीओ की तरफ से बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार को पत्र दिया। पत्र में अधिशासी अभियंता से खंभे व लाइन शिफ्ट कराने की मांग की। अधिशासी अभियंता नीरज कुमार का कहना है कि लाइन शिफ्ट करने में दो लाख रुपये खर्च होंगे। जल्द ही लाइन को शिफ्ट कराया जाएगा।