हसनपुर। नगर पालिका परिषद वार्ड 17 में उपचुनाव के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इस दौरान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक 54.89 प्रतिशत मतदान हुआ। दो प्रत्याशियों की किस्तम मतपेटी में बंद हो गई। अब दस जुलाई को मतगणना की जाएगी।
नगर के मोहल्ला कनेटा रोड पर ग्रीन गार्डन गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया। इसमें बूथ संख्या 35 और बूथ संख्या 36 दो बूथ बनाए गए। कुल 2600 मतदाताओं में बूथ संख्या 35 पर 1322 मतदाता हैं, जबकि बूथ संख्या 36 पर 1278 मतदाता हैं। सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान कुल 54.89 प्रतिशत वोट डाले गए। शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हुआ। दस जुलाई को मतगणना की जाएगी। याद रहे कि निकाय चुनाव में करीब एक साल पहले नगर पालिका के वार्ड 17 में चुनाव के दौरान प्रत्याशी आफिया की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी, हालांकि मरने के बाद भी चुनाव में आफिया ने जीत हासिल की थी। रिक्त सीट पर आफिया की परिवार की सदस्य मेहराज बेगम पत्नी फुरकान और शाहीन कुरैशी पत्नी बदर कुरैशी मैदान में हैं, हालांकि शाहीन की सास मेहताब जहां ने भी नामांकन कराया था। लेकिन उन्होंने अपने लिए वोट नहीं मांगे। इसलिए दो प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में बंद हो गई है।