नौगांवा सादात। विधानसभा उपचुनाव का प्रचार-प्रसार एक नवंबर की शाम को थम जाएगा। जनसभा और नुक्कड़ सभाओं पर रोक लग जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों को डोर टू डोर दस्तक दे सकेंगे। प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार-प्रसार के लिए बाहर से आए लोगों को विधानसभा क्षेत्र से बाहर जाना होगा। एक नवंबर की शाम पांच बजे के बाद ऐसे लोग मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय है।
भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार तीन नवंबर को मतदान है। उप चुनाव में कुल 14 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। मतदान की तैयारी में शनिवार को प्रशासनिक अमला जुटा रहा। कलेक्ट्रेट से लेकर गांव के पोलिंग स्टेशन तक तैयारियों के लिए फीडबैक लिया गया। वहीं डीएम उमेश मिश्र ने उप चुनाव को संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। प्रचार-प्रसार का दौर एक नवंबर की शाम को पांच बजे से थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों को प्रचार प्रसार के लिए केवल डोर टू डोर संपर्क करना होगा। प्रत्याशी केवल जनसंपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में वोटर छोड़ कर किसी भी बाहरी को रहने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने ऐसे लोगों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
वोटर लिस्ट और लेखन सामग्री का पैकेट तैयार
उप चुनाव के लिए वोटर लिस्ट और लेखन सामग्री को तैयार करने में कर्मचारी जुटे रहें। कलेक्ट्रेट स्थित रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष के बाहर वोटर लिस्ट तैयार की गई है। लेखपालों ने एक-एक मतदाताओं के नाम का निरीक्षण किया। इसके अलावा चकबंदी विभाग के कर्मचारियों ने निर्वाचन लेखन सामग्री का पैकेट तैयार किए। पीठासीन अधिकारी और पोलिंग टीम को पैकेट दिए जाएंगे।
प्रेक्षक ने किया काउंटिंग स्थल का निरीक्षण, निर्देश दिए
प्रेक्षक प्रभात कुमार ने शनिवार को मतगणना स्थल मंडी समिति का निरीक्षण किया। ईवीएम और वीवीपैट के रखने के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा अफसरों को निर्देश दिए। उनके साथ एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह आदि रहे।
नायब तहसीलदारों ने बूथों का जायजा लिया
विधानसभा क्षेत्र की सीमा जिले के तीन तहसील में है। नायब तहसीलदारों ने पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इसकी रिपोर्ट तहसीलदार के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराया।